रोड की जमीन पर अवैध निर्माण, निगम ने जेसीबी से हटाया अतिक्रमण

रोड की जमीन पर अवैध निर्माण, निगम ने जेसीबी से हटाया अतिक्रमण

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रोड और रास्ते की भूमि पर किए जा रहे निर्माण को जेसीबी से हटाया। कार्रवाई के दौरान निगम की संयुक्त टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा।

जानकारी के अनुसार निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय को शिकायत मिली थी कि कोहका कैलाश नगर कुरूद भिलाई स्थित राजीव आवास निवासी श्रीमती एन. संतोषी एवं एन. शैलजा पति एन. धनराजु द्वारा प्लाट खसरा नंबर 1606/109 एवं 1606/110 में बिना भवन अनुज्ञा के सड़क और रास्ते की भूमि पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद निगम प्रशासन ने संबंधित पक्षों को स्वयं अवैध निर्माण हटाने और निगम को सूचित करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके संबंधितों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

इसके बाद जोन-2 वैशाली नगर के राजस्व विभाग, बेदखली टीम और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में बिना अनुमति निर्माण और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक मार्ग और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।