भिलाई में बड़ा हादसा, रेड सिग्नल पर खड़ी बाइकों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, 2 की मौत, एक युवक ICU में भर्ती, कार चालक पुलिस की गिरफ्त में

भिलाई में बड़ा हादसा, रेड सिग्नल पर खड़ी बाइकों को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, 2 की मौत, एक युवक ICU में भर्ती, कार चालक पुलिस की गिरफ्त में
मृतक मनोहर

आरोपी कार चालक सागर जायसवाल

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़ी दो बाइकों को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक नाबालिग समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज निजी अस्पताल के ICU में जारी है।

जानकारी के मुताबिक हादसा सुपेला से पावर हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर चंद्रामौर्य चौक के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दो अलग-अलग बाइक और स्कूटी पर सवार तीन युवक रेड सिग्नल होने के कारण सड़क किनारे रुके हुए थे। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार क्रमांक CG07BR0571 आई और सीधे दोनों वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और दर्द से तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं तीसरे युवक सलीम की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका ICU में इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए युवक AC बनाने और रिपेयरिंग का काम करते थे और काम से लौटते समय यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

पुलिस ने कार चालक सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया है। साथ ही हादसे से जुड़े CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के पूरे क्रम की जांच की जा सके। सुपेला पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

मृतक

1. नूर खान (15) निवासी भिलाई सुपेला

2. मनोहर (55) निवासी रायपुर