खाना नहीं बनाने पर बेटे ने मां की ले ली जान, दुर्ग में दिल दहला देने वाली वारदात

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक 16 मई को मनीष पटेल ने चौकी पहुंचकर सूचना दी कि उसकी बुआ सरस्वती पटेल की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतिका के बेटे अश्वनी पटेल से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने खाना नहीं बनाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने पास में रखे लकड़ी के डंडे से मां के सिर, हाथ, छाती और पेट पर लगातार हमला कर दिया। हमला इतना बेरहमी से किया गया कि मौके पर ही उसकी मां की मौत हो गई।
मृतिका का पोस्टमार्टम चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में कराया गया, जहां डॉक्टरों ने शरीर पर कई गंभीर चोटों की पुष्टि की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा जब्त कर लिया है। आरोपी अश्वनी पटेल के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया।
