केयर टेकर ने मालिक के मोबाइल से उड़ाए 1.67 लाख, यूपीआई ट्रांजेक्शन कर खाते में डाली रकम

भिलाई। घर में केयर टेकर का काम करने वाले युवक ने मालिक के मोबाइल फोन और यूपीआई सुविधा का दुरुपयोग कर चुपके से 1 लाख 67 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। मामला सामने आने के बाद भिलाई नगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को प्रार्थिया डॉ. पूर्णिमा राज कछवाहा, निवासी तालपुरी ए-ब्लॉक भिलाई ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके यहां केयर टेकर का काम करने वाला तिरथ चौधरी उर्फ अन्नू उनके पति के मोबाइल फोन का उपयोग करता था। इसी दौरान उसने बिना जानकारी दिए यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कुल 1 लाख 67 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

शिकायत मिलने के बाद थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 242/2026 धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपी ने रकम ट्रांसफर करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मोबाइल फोन और यूपीआई सुविधा का गलत इस्तेमाल कर अवैध तरीके से रकम अपने खाते में ट्रांसफर की। घटना तालपुरी ए-ब्लॉक स्थित मकान की है।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिरथ चौधरी उर्फ अन्नू (20 वर्ष) निवासी मनोहर मेडिकल के पीछे, अस्पताल सेक्टर भिलाई के रूप में हुई है।

