वाटर फिल्टर प्लांट के ऑफिस में आग, फायर टीम ने समय रहते पाया काबू

वाटर फिल्टर प्लांट के ऑफिस में आग, फायर टीम ने समय रहते पाया काबू

दुर्ग। शहर के बीआईटी कॉलेज के पास स्थित वाटर फिल्टर प्लांट के ऑफिस में शनिवार शाम अचानक आग लग गई। घटना करीब 5 बजे की है, जब फिल्टर प्लांट के कमरे से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की एक दमकल टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने देखा कि ऑफिस के कमरे में आग तेजी से फैल रही है। टीम ने बिना देर किए अंदर घुसकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया और उसे आगे फैलने से रोक दिया।

बताया जा रहा है कि कमरे में केमिकल होने की आशंका थी, जिसके चलते फायर फाइटरों ने सुरक्षा के लिए बीए सेट का उपयोग कर अंदर प्रवेश किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति नहीं हुई।फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इस कार्रवाई में जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में टीम प्रभारी शरद मेश्राम सहित धर्मेंद्र, नागेश, दीवहार, खेमराज, पवित्र और राहुल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय पर पहुंचकर टीम ने एक बड़ी घटना को टाल दिया।