ट्रेन हादसे में 14 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

ट्रेन हादसे में 14 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जकार्ता। इंडोनेशिया की राजधानी के बाहरी इलाके में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार सुबह इसकी पुष्टि की है, जबकि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।

सरकारी रेलवे कंपनी PT Kereta Api Indonesia के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बॉबी रसीदिन के मुताबिक, अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सभी शवों को पहचान और आवश्यक औपचारिकताओं के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

यह भीषण हादसा सोमवार को बेकासी तिमुर स्टेशन पर हुआ, जो जकार्ता के बाहर स्थित एक व्यस्त रेलवे स्टेशन है। यहां एक लंबी दूरी की ट्रेन ने स्टेशन पर खड़ी कम्यूटर ट्रेन के पिछले डिब्बे में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डिब्बों को भारी नुकसान पहुंचा और कई यात्री उसमें फंस गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही राहतकर्मी और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और फंसे यात्रियों को निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई लोगों के घायल होने की खबर है, हालांकि घायलों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।