मवेशियों की अवैध परिवहन करते 4 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप समेत 2.32 लाख की जब्ती

मवेशियों की अवैध परिवहन करते 4 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप समेत 2.32 लाख की जब्ती

दुर्ग। चिखली चौकी पुलिस ने अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 6 मवेशियों को मुक्त कराते हुए परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल 2026 की रात चिखली चौक के पास संदेहास्पद पिकअप वाहन क्रमांक CG 05 D 1007 को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन में 6 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक ले जाया जा रहा था। मामले में प्रार्थी युवराज साहू की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4 और 6 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल मनेश्वर (38), तुलसीराम नागेश्वर (60), जयपाल नागेश्वर (43) और भगतराम खरे (43) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के बालाघाट और सिवनी जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही 6 मवेशियों (2 पड़वा, 3 पड़िया और 1 बछिया) को सुरक्षित रखा गया है।