रिश्वतखोर पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, 25 हजार लेते ACB-EOW की कार्रवाई

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी का नाम सौरभ गोस्वामी है, जो प्रतापपुर तहसील के सेन्धोपारा गांव का निवासी है। आरोप है कि उसने भूमि नामांतरण और पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

मामले में ग्राम मरहटा निवासी शिकायतकर्ता रूप सिंह ने ACB-EOW कार्यालय अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी जमीन का अधिग्रहण महामाया कोयला खदान जरही द्वारा किया गया है, जिसके लिए आवश्यक पटवारी रिपोर्ट तैयार करने के एवज में 25 हजार रुपये मांगे जा रहे थे।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। 22 अप्रैल 2026 को जाल बिछाकर जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में आरोपी ने रिश्वत मांगने और लेने की बात स्वीकार कर ली है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

