मस्तूरी गोलीकांड के फरार आरोपी की तलाश में आधी रात छापा, घर से नहीं मिला कांग्रेस नेता नागेंद्र राय

बिलासपुर के मस्तूरी गोलीकांड के फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आधी रात बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कांग्रेस नेता और इनामी आरोपी नागेंद्र राय के घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।

पुलिस टीम रात करीब एक बजे तोरवा क्षेत्र के लालखदान-महमंद इलाके में पहुंची, जहां नागेंद्र राय के घर की गहन तलाशी ली गई। डॉग स्क्वायड और हथियारबंद जवानों की मौजूदगी में घर के हर कमरे की जांच की गई, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

करीब ढाई घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान नागेंद्र राय के परिजनों ने पुलिस का विरोध किया। बेटे, भतीजे समेत अन्य लोगों ने बहसबाजी करते हुए कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की। आधी रात छापेमारी को लेकर भी उन्होंने आपत्ति जताई, जिससे पुलिस को कुछ देर तक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए तोरवा थाना में परिजनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले में रजनेश सिंह ने फरार आरोपी नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस लंबे समय से दोनों की तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।