चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर और नकदी सहित कुल 14.77 लाख की संपत्ति जब्त

भिलाई। थाना अमलेश्वर पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 14 लाख 77 हजार 757 रुपए की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 25 से 29 जनवरी 2026 के बीच उसके घर में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अज्ञात आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी पार कर दी थी। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पहले ही तीन आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी, भुनेश्वर उर्फ नानू यादव और तुलेश्वर उर्फ टिल्लू सोनकर को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके कब्जे से पहले ही करीब 8 लाख 22 हजार 480 रुपए की संपत्ति बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। आगे की पूछताछ में आरोपी तुलेश्वर सोनकर ने चोरी की संपत्ति अपने जीजा गौरीशंकर खुटे को देने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने गौरीशंकर खुटे (28 वर्ष), निवासी मेढापाली (शक्ति), हाल इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-02, डीडी नगर रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख 18 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। इस तरह पूरे मामले में कुल जब्त संपत्ति की कीमत 14 लाख 77 हजार 757 रुपए पहुंच गई है।
जब्त सामग्री : 1. सोने के जेवरात (हार, अंगूठी आदि) 2. चांदी के जेवरात (पायल, चैन, बिछिया आदि) 3. नगदी रकम 2,18,000/- रुपये 4. कुल जप्त संपत्ति (पूर्व एवं वर्तमान) – 14,77,757/- रुपये
