दुर्ग जिले में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बच्ची को बोर में बंद कर हो गया था फरार

दुर्ग जिले में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बच्ची को बोर में बंद कर हो गया था फरार

भिलाई। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला उतई थाना क्षेत्र का है।आरोपी बालिका को बोरे में बंद कर खण्डहर में छुपाकर फरार हुआ था।

पुलिस के अनुसार दिनांक 10.04.2026 को थाना उतई में सूचनाकर्ता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 05 वर्षीय पुत्री घर के पास दुकान जाने के बाद वापस नहीं लौटी। सूचना प्राप्त होते ही थाना उतई पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर गांववासियों के साथ समन्वय स्थापित कर सघन तलाश प्रारंभ की गई।

लगभग दो घंटे के भीतर की गई सक्रिय खोजबीन के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा बालिका को बोरे में बंद कर ले जाया जा रहा था, किन्तु पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं दबाव के कारण आरोपी ने बालिका को खण्डहर में छुपाकर मौके से फरार हो गया। तत्पश्चात पुलिस एवं स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से बालिका को अचेत अवस्था में तत्काल बरामद कर उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया। वर्तमान में बालिका की स्थिति खतरे से बाहर है एवं चिकित्सकीय निगरानी में है।

विवेचना के दौरान घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू को चिन्हित कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 193/2026 धारा 137(2), 65(2), 238, 109, 140(3) बीएनएस एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

▪️ आरोपी का नाम :

1. धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू, उम्र 40 वर्ष उतई, जिला दुर्ग