भिलाई में दिनदहाड़े लूट: बेटी के सामने महिला का बैग छीना, 15 हजार नकद लेकर फरार

भिलाई में दिनदहाड़े लूट: बेटी के सामने महिला का बैग छीना, 15 हजार नकद लेकर फरार

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक महिला सरेराह लूट की शिकार हो गई। घटना उस वक्त हुई जब महिला अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उनका हैंडबैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संगम चौक पुरैना वार्ड-40 भिलाई-3 निवासी बी संध्या (33 वर्ष) अपनी बेटी के साथ ऑटो से खुर्सीपार गेट चौक पहुंची थीं। ऑटो से उतरने के बाद जैसे ही वे पैदल सड़क पार कर सर्विस रोड की ओर बढ़ीं, तभी पावर हाउस की तरफ से आए बाइक सवार तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया।

बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने महिला के कंधे पर टंगे हैंडबैग को झपट्टा मारकर छीन लिया। इसके बाद तीनों आरोपी सर्विस रोड से होते हुए हाईवे की ओर भाग निकले।

घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। महिला के बैग में करीब 15 हजार रुपये नकद, बैंक ऑफ बड़ौदा का पासबुक और एसबीआई का एटीएम कार्ड रखा हुआ था, जिसे आरोपी लेकर फरार हो गए।

शिकायत के बाद खुर्सीपार पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।