भिलाई में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने तलवारनुमा हथियार किया जब्त

भिलाई में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने तलवारनुमा हथियार किया जब्त

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में एक युवक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने का मामला सामने आया है। छावनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सी-मार्ट के पास एक व्यक्ति लोहे का धारदार हथियार लेकर राहगीरों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान अमन गिल, उम्र 26 वर्ष, निवासी प्रगति नगर, केम्प-01 भिलाई के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 25 इंच लंबा तलवारनुमा धारदार हथियार बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी से हथियार रखने के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।