विधायक ललित चंद्राकर ने सुनी ‘मन की बात’, जल संरक्षण पर छत्तीसगढ़ को मिली राष्ट्रीय सराहना

विधायक ललित चंद्राकर ने सुनी ‘मन की बात’, जल संरक्षण पर छत्तीसगढ़ को मिली राष्ट्रीय सराहना

दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने अपने निवास पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 132वीं कड़ी सुनी। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह देशभर में हो रहे सकारात्मक नवाचारों और जनभागीदारी को राष्ट्रीय मंच देता है।

विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री ने कोरिया जिले के किसानों द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण कार्यों की सराहना की, जो छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि प्रदेश में जमीनी स्तर पर हो रहे प्रयास अब राष्ट्रीय पहचान बना रहे हैं। उन्होंने ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे नवाचार का जिक्र करते हुए बताया कि किसानों ने अपने खेतों में रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर वर्षा जल को सहेजने का सराहनीय कार्य किया है। इससे भूजल स्तर में सुधार हो रहा है और यह मॉडल अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक उदाहरण बनता जा रहा है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जल संरक्षण अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। छत्तीसगढ़ में भी इसे जनभागीदारी से जोड़कर व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। ललित चंद्राकर ने कहा कि जनभागीदारी की ताकत से जल संरक्षण को और मजबूत करते हुए छत्तीसगढ़ को जल-संपन्न और समृद्ध भविष्य की ओर ले जाने का संकल्प है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य सरकार नवाचार, सहभागिता और सुशासन के माध्यम से विकास की नई दिशा तय कर रही है।