चेन स्नेचिंग का खुलासा: सुबह सैर पर निकली बुजुर्ग महिला से झपटमारी कर ज्वेलर्स को बेची चैन, दोनों आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

चेन स्नेचिंग का खुलासा: सुबह सैर पर निकली बुजुर्ग महिला से झपटमारी कर ज्वेलर्स को बेची चैन, दोनों आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में सुबह टहलने निकली एक बुजुर्ग महिला से झपटमारी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने वाले दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च 2026 की सुबह करीब 7:15 बजे हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी शशि गोंड रोज की तरह टहलने निकली थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चैन झपट ली और मौके से फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट थाना जामुल में दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी ज्वाला बैरागी की पहचान की गई और उसे हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने झपटमारी की गई सोने की चैन को रायपुर के रामनगर स्थित एक ज्वेलर्स को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी अनुज सोनी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने का गहना बरामद कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में करीब 55 हजार रुपये की सोने की चैन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

आरोपी का नाम :

1. ज्वाला बैरागी, उम्र 42 वर्ष, निवासी बैरागी मोहल्ला, भिलाई

2. अनुज सोनी, निवासी कर्मा चौक, रामनगर, गुढ़ियारी, रायपुर