जामुल में शराब विवाद ने ली जान: चाचा ने भतीजे की लोहे के पाइप से की हत्या, 10 घंटे में गिरफ्तारी






दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। रावणभाठा इलाके में चाचा ने अपने ही भतीजे की लोहे के पाइप से प्रहार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, 2 मार्च की रात करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रावणभाठा जामुल निवासी हेमंत साहू की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक हेमंत साहू और उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने लोहे के पाइप से हेमंत के सिर के पीछे कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से हेमंत की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की मां ललिता साहू की शिकायत पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे 3 मार्च को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे का पाइप भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।