अफगानिस्तान–पाकिस्तान सीमा पर बढ़ा तनाव: हवाई हमलों में 32 सैनिकों के मारे जाने का दावा, कई चौकियां तबाह






अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। पिछले चार दिनों से दोनों देशों की सेनाएं सीमा पर आमने-सामने हैं। इस बीच अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बड़ा दावा किया है।

अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अफगान वायुसेना ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए। मंत्रालय का कहना है कि इन हमलों में पाकिस्तान की सैन्य चौकियों को निशाना बनाया गया।

स्थानीय मीडिया संस्था TOLOnews की रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान प्रशासन ने दावा किया है कि रात भर चली कार्रवाई में 32 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। वहीं आधिकारिक बयान में यह भी कहा गया है कि 10 सैनिकों की मौत हुई, 10 घायल हुए और चार सैन्य चौकियां पूरी तरह तबाह कर दी गईं।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 203 मंसूरी, 201 सिलाब और 205 अल-बद्र कॉर्प्स ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। इसके अलावा दो पाकिस्तानी सैन्य ड्रोन मार गिराने का भी दावा किया गया है। डिप्टी प्रवक्ता सेदिकुल्लाह नसरत के मुताबिक, नंगरहार, पक्तिया, खोस्त और कंधार प्रांतों में लेजर हथियारों और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल पाकिस्तान की ओर से इन दावों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सीमा क्षेत्र में तनाव चरम पर है और हालात पर अंतरराष्ट्रीय नजर बनी हुई है।