ट्रांसफार्मर पोल से बारूद भरी ट्रक टकराने के बाद लगी आग, भिलाई में आधी रात को टला बड़ा हादसा


भिलाई। शहर में आधी रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भिलाई-3 क्षेत्र में बारूद से भरी एक ट्रक अनियंत्रित होकर मेन मार्केट में ट्रांसफार्मर पोल से जा टकराई। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना रात करीब 2.30 बजे के आसपास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। ट्रक के केबिन से आग की लपटें उठती देख लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। वाहन चालक महेन्द्र कुमार गेंड्रे और क्लीनर उमेश कुमार गेंड्रे को उपचार के लिए सुपेला अस्पताल लेकर गए। वाहन चालक के खिलाफ विद्युत अधिनियम, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार रायपुर की ओर जा रही बारूद से भरी ट्रक क्रमांक टीएस 05 यूबी 2355 अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रांसफार्मर पोल क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रांसफार्मर से टक्कर के बाद ट्रक के केबिन में आग लग गई। बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही। पुलिस ने मौके को घेरकर सुरक्षा घेरा बनाया ताकि कोई अनहोनी न हो।

ऐसे में आग लगने के बाद बड़े धमाके की आशंका से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते ड्राइवर और क्लीनर ट्रक से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी फायर ब्रिगेड वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया, जिससे संभावित विस्फोट टल गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों शराब के नशे में थे।