भिलाई सेक्टर-6 साईं मंदिर में देर रात डकैती, गार्ड को बंधक बनाकर सोने-चांदी के मुकुट व नकदी ले गए बदमाश

भिलाई सेक्टर-6 साईं मंदिर में देर रात डकैती, गार्ड को बंधक बनाकर सोने-चांदी के मुकुट व नकदी ले गए बदमाश

भिलाई। दुर्ग जिले के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर भिलाई सेक्टर-6 में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। करीब 7 नकाबपोश बदमाश रात लगभग 2.30 से 3 बजे के बीच मंदिर परिसर में घुसे। गार्ड को बंधक बनाया, उसके साथ मारपीट की और साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट तथा दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दे दिया।

गार्ड ने पुलिस को बताया कि बदमाश अचानक उसके पास पहुंचे। उन्होंने उसके हाथ-पैर बांध दिए, आंख पर कपड़ा बांध दिया और नाक दबाकर उसे काबू में कर लिया। डंडे से पिटाई की गई। कुर्सी से गिराकर तीन बार पटका गया। मारपीट के बाद वह बेहोश हो गया। उसके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान हैं। फिलहाल उसका इलाज कराया जा रहा है। बदमाश मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। गार्ड को काबू में करने के बाद वे सीधे अंदर पहुंचे। दान पेटी का ताला तोड़ा गया और नकदी निकाल ली गई। साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट और चरण पादुका भी साथ ले गए। मंदिर के कई ताले टूटे मिले हैं। दरवाजों को नुकसान पहुंचाया गया है।

मंदिर परिसर में लगी बड़ी छत्री भी तोड़ी गई, लेकिन भारी होने की वजह से आरोपी उसे ले नहीं जा सके। पुलिस का कहना है कि कुछ और सामान को भी ले जाने की कोशिश की गई थी, पर बदमाश सफल नहीं हो पाए। सुबह जैसे ही घटना की जानकारी फैली, मंदिर प्रबंधन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। डॉग स्क्वॉड ने भी परिसर का निरीक्षण किया। अब पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि बदमाश किस रास्ते से आए और किस दिशा में फरार हुए।