अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, चार ट्रक जब्त

अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, चार ट्रक जब्त

दुर्ग। अवैध काष्ठ परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए चार वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई 23 और 24 फरवरी की दरम्यानी रात विशेष अभियान के दौरान की गई।

वनमंडलाधिकारी दुर्ग के निर्देशन में उप वनमंडलाधिकारी के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल दुर्ग वृत्त और भिलाई-03 परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने सुबह 3 बजे से 6 बजे तक गश्त की। गोपनीय सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान चार ट्रक अवैध लकड़ी से लदे मिले। जब्त वाहनों में सीजी-10सी 3389, सीजी-08 एल 3736, सीजी-04 जेसी 9290 और सीजी-04 एमएफ 6945 शामिल हैं। इन वाहनों में कहुआ मिश्रित जलाऊ लकड़ी और गोला परिवहन किया जा रहा था।

सभी वाहनों को जब्त कर पुलगांव और पाटन डिपो में जमा कराया गया है। संबंधित आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 79/11 (23 फरवरी 2026) और 91/3, 91/4, 91/5 (24 फरवरी 2026) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।