खौफनाक वारदात: नीट के लिए दबाव बनाने पर बेटे ने पिता की गोली मारकर की हत्या, शव के टुकड़े कर दोनों हाथ और पैर फेंक दिए, ड्रम में छिपाया धड़

आरोपी पुत्र

मृतक पिता

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। आशियाना के सेक्टर एल में रहने वाले 49 वर्षीय शराब कारोबारी और पैथोलॉजी संचालक मानवेंद्र सिंह की हत्या उनके ही बेटे अक्षत प्रताप सिंह ने कर दी। पुलिस के मुताबिक, 21 फरवरी को आशियाना थाने में मानवेंद्र सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान बेटे अक्षत से पूछताछ की गई तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।

बताया जा रहा है कि पिता बेटे पर नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर दबाव बना रहे थे। 20 फरवरी की सुबह करीब साढ़े चार बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर अक्षत ने लाइसेंसी राइफल से पिता को गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के वक्त घर की तीसरी मंजिल पर वारदात हुई। छोटी बहन कृति अपने कमरे में सो रही थी। गोली की आवाज सुनकर वह बाहर आई तो पिता का शव पड़ा मिला।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने शव को घसीटकर नीचे लाया और ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पहले कार से गोमती नदी में फेंकने की कोशिश की, लेकिन वजन ज्यादा होने से सफल नहीं हो सका। इसके बाद आरी खरीदकर शव के टुकड़े कर दिए। दोनों हाथ और पैर पारा के सदरौना इलाके में फेंक दिए, जबकि सिर सहित धड़ को नीले ड्रम में भरकर घर में ही छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या व साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शव के सभी हिस्से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक परिवार के भीतर पनपा तनाव किस तरह खौफनाक अंजाम तक पहुंचा, यह मामला उसी की दर्दनाक मिसाल बन गया है।