धान खरीदी घोटाला: कोनपारा केंद्र में 6.55 करोड़ की हेराफेरी, फड़ प्रभारी गिरफ्तार, 5 आरोपी फरार

धान खरीदी घोटाला: कोनपारा केंद्र में 6.55 करोड़ की हेराफेरी, फड़ प्रभारी गिरफ्तार, 5 आरोपी फरार

जशपुर। जिले के धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा में करोड़ों की हेराफेरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस ने बताया कि 2 जनवरी 26 को प्रार्थी राम कुमार यादव नोडल अधिकारी, राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स) द्वारा थाना तुमला में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा पंजीयन क्रमांक 128 के धान खरीदी उपकेंद्र में क्रमशः 1. भुनेश्वर यादव (खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी), 2. जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), 3. शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), 4. जितेंद्र साय(कंप्यूटर ऑपरेटर), 5. अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी), 6. चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी) द्वारा खरीफ वर्ष 2024-25 में धान खरीदी कार्य में अनियमितता कर शासन को करोड़ों रुपए की क्षति पहुंचाई गई है। केंद्र के कम्प्यूटर में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार उक्त खरीफ वर्ष में कुल 1 लाख 61 हजार 250 क्विंटल की धान खरीदी की गई थी, जबकि खरीदी केंद्र द्वारा मिल व संग्रहण केंद्रों में कुल 1 लाख 40 हजार 663 क्विंटल,12 किलोग्राम धान को परिदान किया गया, खरीदी केंद्र के पत्रक अनुसार कुल 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। जिसके सम्बन्ध में संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन भी कराया गया था, मौके पर धान उपलब्ध नहीं था।

जांच दल की रिपोर्ट में भी कुल 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। उक्त कृत्य के कारण प्रति क्विंटल 3100 रु के हिसाब से कुल 20,586.88 क्विंटल धान में 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रु व धान पैकिंग हेतु नए पुराने कुल 4,898 नग बारदाने जिनकी कुल कीमत 17 लाख 7 हजार 651 रु, इस प्रकार कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए की शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। अतः समिति स्तर पर धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा के प्रभारी अधिकारी, फड़ प्रभारी, सहायक फड़ प्रभारी, उप सहायक फड़ प्रभारी व कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा मिलीभगत कर , हेराफेरी करते हुए शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। पुलिस द्वारा उक्त सभी के विरुद्ध बी एन एस की धारा 318(4),320,336,338 व 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। एक आरोपी धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा के फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम झारमुंडा थाना तुमला जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले से जुड़े अन्य आरोपी फरार हैं। जिनकी पतासाजी की जा रही है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि शेष फरार आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा, मामले में पुलिस की जांच जारी है।