भिलाई में बंधन बैंक में 27 म्यूल अकाउंट के जरिए 1.20 करोड़ की साइबर ठगी, 7 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। थाना सुपेला और ACCU की टीम ने साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। थाना सुपेला और एसीसीयू यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में बंधन बैंक, नेहरू नगर शाखा में खुले म्यूल अकाउंट्स के जरिए एक करोड़ बीस लाख रुपये से अधिक की अवैध लेनदेन का मामला सामने आया है।

जांच के दौरान पता चला कि कुल 27 आरोपियों ने का उपयोग साइबर अपराधियों ने ठगी की राशि को आगे भेजने और छिपाने के लिए किया था। यह जानकारी केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से मिली। इसी आधार पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1322/2025 दर्ज किया गया।

पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रनजीत महानंद, परमीला जंघेल, आकाश राव, विपिन सिरसाम, मानवी बेरी, आशीष गुप्ता और पिंकी कुर्रे शामिल हैं। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने मामूली कमीशन के लालच में अपने खाते साइबर ठगी के पैसों की हेरफेर के लिए उपलब्ध कराए।
पुलिस का कहना है कि बाकी खाता धारकों की पहचान और तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि इन खातों के जरिए 1 करोड़ 20 लाख 57 हजार 549 रुपये का अवैध लेनदेन किया गया था। पुलिस इसे साइबर फ्रॉड की एक सुनियोजित कड़ी मान रही है।
आरोपीगण (1) रनजीत महानंद पिता जेहेल महानंद उम्र 24 साल निवासी रावणभांठा सुपेला जिला दुर्ग. (2) श्रीमति परमीला बाई पति कमल नारायण जंघेल उम्र 48 साल निवासी शिवाजी नगर खुर्सीपार थाना खुर्सीपार जिला दुर्ग, (3) के० आकाश राव पिता के० डिलेश्वर राव उम्र 20 साल निवासी सेक्टर 02 सडक नं0 15 बी. ब्लाक 14 कमरा नं० 10 मिलाई थाना भिलाई भटठी जिला दुर्ग (4) विपिन कुमार सिरसाम पिता शंकर लाल सिरसाम उम्र 35 साल निवासी रिसाली सेक्टर 31/01 जी भिलाई, थाना नेवई जिला दुर्ग (5) श्रीमति मानवी बेरी पति स्व० किशन बेरी उम्र 49 साल निवासी सेक्टर 04 सडक नं0 05 मकान नं0 22 ई भिलाई, थाना भिलाई भटठी जिला दुर्ग,(6) आशीष गुप्ता पिता स्व० राम लाल गुप्ता उम्र 42 साल निवासी दीनदयाल कालोनी मकान आई 604 खम्हरिया थाना सुपेला जिला दुर्ग (7) पिंकी कुर्रे पिता गोंविन्द दास कुर्रे उम्र 36 साल निवासी एल०आई०जी0883/884 आदित्य नगर दुर्ग थाना मोहन नगर जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है।

