नगर निगम भिलाई ने व्यापक अनुज्ञापन नियम 2025 की बाजार सूची जारी की

भिलाईनगर। नगर निगम भिलाई ने व्यापक अनुज्ञापन नियम 2025 के तहत शहर में छोटे, मध्यम और बड़े बाजारों की सूची जारी कर दी है। यह सूची छत्तीसगढ़ राजपत्र में 7 नवंबर 2025 को प्रकाशित अधिसूचना के आधार पर तैयार की गई है। राज्य सरकार ने नगर पालिका क्षेत्रों में व्यापार के विनियमन के लिए नए अनुज्ञापन शुल्क, प्रारूप क और प्रारूप ख को मंजूरी दी है।

नियमों के अनुसार कंडिका 05 की तालिका 01 और 02 में बाजारों का वर्गीकरण तय किया गया है। इसी के अनुसार मोहल्लों और कॉलोनियों के बाजारों की सूची निगम कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई है। निगम ने आम नागरिकों और व्यापारियों से कहा है कि वे बाजार सूची और नियम से जुड़ी जानकारी निगम की वेबसाइट पर भी देख सकते हैं। वेबसाइट का लिंक है: https://bhilainagarnigam.com/

इसके अलावा राजपत्र में निर्धारित प्रारूप क और ख तथा अनुज्ञापन शुल्क की दरें भी निगम कार्यालय में उपलब्ध हैं। व्यापारी इन दस्तावेजों को देखकर अपने व्यापार से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा कर सकते हैं।
