कांग्रेस की विफलताओं के कारण जनता ने भाजपा को चुना-सांसद विजय बघेल

भिलाई। भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला भिलाई द्वारा पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक साहू का जोरदार स्वागत किया गया। प्रियदर्शिनी परिसर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने की। स्वागत समारोह में सांसद विजय बघेल, विधायक रिंकेश सेन, डोमनलाल कोर्सेवाडा, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, पूर्व विधायक सांवला राम डाहरे, दीपक साहू सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रेम लाल साहू ने किया और आभार प्रदर्शन ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष सुंदर लाल साहू ने किया। ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष श्रीवासिक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ओबीसी समाज के गौरव हैं। संगठन को सशक्त बनाना और समाज को शासन की योजनाओं से जोड़ना प्राथमिक लक्ष्य है। विधायक रिंकेश सेन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 52% आबादी ओबीसी समाज की है, जो सरकार बनाने में निर्णायक भूमिका निभाती है।
सांसद विजय बघेल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की विफलताओं के कारण जनता ने भाजपा को चुना है, और ओबीसी मोर्चा की भूमिका हमेशा निर्णायक रही है। वहीं विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा ने कहा कि राज्य में सरकार बनाने में ओबीसी समाज की सबसे अहम भूमिका रहती है। अशोक साहू ने कहा कि ओबीसी मोर्चा संगठन की मजबूती में अग्रणी भूमिका निभाएगा और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर काम करेगा। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने डॉ. अशोक साहू का आत्मीय और जोशीला स्वागत किया।