शिवनाथ नदी में डूबे युवक का SDRF ने किया रेस्क्यू, शव बरामद

दुर्ग। शिवनाथ नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही एस.डी.आर.एफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की खोजबीन के बाद शव को नदी से बाहर निकाल लिया गया। मामला थाना पुलगांव चौकी अंजोरा के ग्राम पीपरछेड़ी का है।
जानकारी के अनुसार, शशांत प्रधान पिता कृष्णा प्रधान, उम्र 28 वर्ष, निवासी मॉडल टाउन नेहरू नगर भिलाई, सोमवार को नदी में नहाने गया था। इस दौरान तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलने पर जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में एस.डी.आर.एफ दुर्ग की टीम तुरंत रवाना हुई। जवानों ने मौके पर पहुंचकर डीप डाइविंग तकनीक से वृहद सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद शव को खोजकर बाहर निकाला गया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपा गया। एस.डी.आर.एफ दुर्ग की त्वरित कार्रवाई और टीम के समर्पण से राहत कार्य समय पर पूरा हुआ।