तूफान से क्रूज जहाज पलटा: 37 की मौत, दर्जनों लापता

इंटरनेशनल डेस्क। वियतनाम में एक दिल दहला देने वाली समुद्री दुर्घटना में 37 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अभी भी लापता हैं। हादसा शनिवार को क्वांग निन्ह प्रांत की मशहूर हा लॉन्ग खाड़ी में तब हुआ जब एक पर्यटकों से भरा क्रूज जहाज एक भीषण तूफान की चपेट में आ गया और पलट गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर 1:30 बजे (स्थानीय समय) के आसपास हुआ। तूफान के कारण जहाज का नियंत्रण खो गया और कुछ ही देर में यानी 2:05 बजे तक क्रूज का संपर्क अधिकारियों से टूट गया। इसके बाद जहाज समुद्र में डूब गया। क्रूज में कुल 48 यात्री सवार थे, जिनमें 24 पुरुष और 24 महिलाएं थीं। अधिकांश यात्री वियतनाम के स्थानीय निवासी थे, जो राजधानी हनोई से हा लॉन्ग खाड़ी घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि इनमें कई युवा और बच्चे भी शामिल थे।
भारी बारिश और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद रेस्क्यू टीम ने अब तक 11 लोगों को जीवित बचाया है। हालांकि, अभी भी दर्जनों यात्री लापता हैं, जिन्हें खोजने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। सरकारी बयान में कहा गया है कि अगर किसी तरह की लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। हा लॉन्ग खाड़ी को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया है और यह वियतनाम का प्रमुख पर्यटन स्थल है। ऐसे में इस हादसे ने ना केवल स्थानीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी झकझोर दिया है।