दुर्ग-भिलाई को मिला स्टेट कैपिटल रीजन का दर्जा, विधायक गजेन्द्र यादव ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
राज्य कैबिनेट के फैसले में दुर्ग-भिलाई को स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल किया गया। विधायक गजेन्द्र यादव ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया।

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 11 जुलाई को हुई राज्य कैबिनेट बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए, जिनमें से एक ऐतिहासिक फैसला दुर्ग-भिलाई को स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में शामिल करना भी शामिल है। इस निर्णय पर दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने विष्णु देव साय सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। अब यहां का विकास दुगुनी गति से होगा, जिससे न सिर्फ नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और शहरी सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
राज्य सरकार द्वारा SCR के रूप में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और नया रायपुर अटल नगर को शामिल किया गया है। तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए एक राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण का गठन किया जाएगा, जो सुव्यवस्थित शहरी विकास, निवेश को बढ़ावा देने, भूमि उपयोग की योजना, और सरकारी व निजी संगठनों के बीच समन्वय का कार्य करेगा। विधायक यादव ने कहा कि दुर्ग-भिलाई हमेशा से शिक्षा, खेल और व्यापार में अग्रणी रहा है, और अब SCR में शामिल होने से यह क्षेत्र अधिक व्यवस्थित, पर्यावरणीय संतुलन युक्त और विकासशील बनेगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कैबिनेट के सभी मंत्रियों का दुर्गवासियों की ओर से धन्यवाद प्रकट किया।