पकड़ा गया नाइजीरियन युवक, बिना वीजा और पासपोर्ट के स्कूटी में घुम रहा था

जशपुर। जशपुर जिले में बैगर वीजा, पासपोर्ट अवैध रूप से जशपुर में घूम रहे एक नाइजीरियन मूल के नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार को नाइजीरियन युवक अपनी एक महिला मित्र के साथ जशपुर आया था। यहां थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम खूंटीटोली घूमने गया था। युवक के खिलाफ विदेशियों विषयक अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 29 मई को रात 8 बजे सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि नेशनल हाइवे 43 में गम्हरिया गर्ग उद्यान के पास एक काले रंग की स्कूटी क्रमांक सीजी14एमटी7848 में दो व्यक्ति घूम रहे हैं। जिसमें से एक व्यक्ति नाइजीरियन मूल का प्रतीत होता है। जिस पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस के द्वारा सूचना की तस्दीक हेतु तत्काल रवाना होकर, गम्हरिया में गर्ग उद्यान के पास उक्त संदेहियों को रोककर पूछताछ किया गया। स्कूटी चालक ने अपना नाम राहुल खलखो उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम कस्तूरा खूंटीटोली थाना दुलदुला का होना बताया व दूसरा व्यक्ति जो कि अफ्रीकन मूल का प्रतीत हो रहा था, ने अपना नाम गैरी पिता इकवाबोर, उम्र 46 वर्ष, निवासी इंडम्बो ऑफ साकपोड़ा रोड, बैनी सिटी नाइजीरिया अफ्रीका का होना बताया। पुलिस के द्वारा जब उससे वीजा पासपोर्ट व अन्य पहचान सम्बन्धी दस्तावेजों की मांग की गई तो उसके द्वारा कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। जिस पर पुलिस को संदेह होने पर उक्त विदेशी नाइजीरियन मूल के व्यक्ति को अभिरक्षा में लेकर वापस थाना लाया गया है।
पुलिस की पूछताछ पर उक्त नाइजीरियन व उसके साथी ने बताया कि उक्त नाइजीरियन व उसकी एक महिला रिश्तेदार जो कि मुंबई में रहती है, दोनो मित्र हैं। उसकी महिला रिश्तेदार के द्वारा ही इस नाइजीरियन मूल के निवासी को गांव घुमाने के लिए लाया गया था। जिसके सम्बन्ध में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस के द्वारा अवैध रूप से बिना वीजा पासपोर्ट के भारत में घूमने के लिए सिटी कोतवाली जशपुर में विदेशियों विषयक अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है। पुलिस के द्वारा अवैध रूप से बिना वीजा पासपोर्ट के जशपुर में घूमने पर नाइजीरियन मूल के विदेशी नागरिक गैरी पिता इकवाबोर, उम्र 46 वर्ष, निवासी इंडम्बो ऑफ साकपोड़ा रोड, बैनी सिटी नाइजीरिया अफ्रीका को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।