चंद्रा मौर्या चौक से हटाया गया स्वागत द्वार
भिलाई के चंद्रा मौर्या चौक पर कमजोर लोहे की संरचना वाले स्वागत द्वार को नगर निगम ने हटाया। सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए निगम की टीम ने कार्रवाई की।

भिलाई। शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर लगी कमजोर एवं यातायात को प्रभावित करने वाली संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चंद्रा मौर्या चौक स्थित स्वागत द्वार को निगम की टीम ने हटा दिया।
नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के निर्देश पर जोन क्रमांक-01 के जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया के नेतृत्व में सहायक राजस्व अधिकारी शशांक शेखर और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। चंद्रा मौर्या चौक शहर के प्रमुख और व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। यहां दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों और राहगीरों का आवागमन होता है। निगम के अनुसार चौक पर लगा स्वागत द्वार लोहे की संरचना से बना था, जो कमजोर स्थिति में था। संरचना के सुरक्षित नहीं रहने की स्थिति को देखते हुए निगम की टीम ने इसे हटाने का निर्णय लिया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर बड़ी अथवा कमजोर संरचनाएं यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं। सड़क किनारे या मार्ग के ऊपर लगी प्रचारात्मक संरचनाओं के कारण वाहन चालकों का ध्यान भी विचलित होने की संभावना रहती है। निगम का कहना है कि ऐसे स्थानों पर वाहनों की सुरक्षित आवाजाही और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देना जरूरी है। इसी उद्देश्य से शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
निगम ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को सड़क और यातायात पर पूरा ध्यान केंद्रित करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। ऐसे स्थानों पर अनावश्यक रूप से कोई संरचना या प्रचार सामग्री स्थापित न करें, जिससे यातायात प्रभावित हो।
