दूसरे लोगों के दस्तावेजों पर फाइनेंस कराकर धोखाधड़ी, मिहिर रंजन रॉय और शेखर देशमुख गिरफ्तार

मोबाइल-एसी लेकर सेकंड हैंड बाजार में बेच देते थे

दूसरे लोगों के दस्तावेजों पर फाइनेंस कराकर धोखाधड़ी, मिहिर रंजन रॉय और शेखर देशमुख गिरफ्तार

दुर्ग। दूसरे लोगों के नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर मोबाइल, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान फाइनेंस कराने के बाद उन्हें सेकंड हैंड बाजार में बेचने के मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार फाइनेंस धोखाधड़ी के इस मामले में आरोपी अन्य व्यक्तियों के नाम पर विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से इलेक्ट्रॉनिक सामान फाइनेंस कराते थे। फाइनेंस प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामान संबंधित व्यक्ति को देने के बजाय उसे सेकंड हैंड बाजार में बेच दिया जाता था। सामान उनके पास नहीं पहुंचता था, लेकिन उसकी फाइनेंस की किस्त चुकाने की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति पर बनी रहती थी।

इस मामले में पुलिस पहले ऋषभ शर्मा, दीपेश जोशी और दुर्गेश गुप्ता को गिरफ्तार कर चुकी है। इनसे पूछताछ और विवेचना के दौरान मिले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने मिहिर रंजन रॉय (25), निवासी चौहान टाउनशिप, स्मृति नगर, भिलाई और शेखर देशमुख (27), निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।