उमरपोटी बोगदा पुल के पास गांजा बेचते आरोपी गिरफ्तार

उतई पुलिस ने 2 किलो 12 ग्राम गांजा, 4010 रुपए नकद और स्कूटर किया जब्त

उमरपोटी बोगदा पुल के पास गांजा बेचते आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उतई पुलिस ने उमरपोटी स्थित बोगदा पुल के पास गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 12 ग्राम गांजा, 4,010 रुपए नकद और गांजा परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जूपिटर वाहन जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को थाना उतई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उमरपोटी बोगदा पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना की तस्दीक और वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूपेन्द्र उर्फ राजू गायकवाड़ (38), निवासी भाठापारा वार्ड क्रमांक 13, ग्राम परसदा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद बताया। गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास रखे क्रीम रंग के थैले से गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की मात्रा 2 किलो 12 ग्राम पाई गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4,010 रुपए नकद भी बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टीवीएस जूपिटर क्रमांक CG 07 CY 0302 को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना उतई में अपराध क्रमांक 465/2026 के तहत धारा 20(ख)(ii)(B) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी को 16 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा अपने कब्जे में रखकर उमरपोटी बोगदा पुल के पास ग्राहकों को बेचने की तैयारी में था। मामले में जब्त सामग्री और आरोपी के संबंध में आगे की विवेचना जारी है। दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है