ढाबा बंद करने पर घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट; 5 गिरफ्तार

ढाबा बंद करने पर घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट; 5 गिरफ्तार

दुर्ग। ढाबा बंद करने पर ढाबा संचालक को फोन पर धमकाने और उसके किराए के मकान में घुसकर तोड़फोड़ व मारपीट करने के मामले में पुलगांव पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल डंडे और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात चौकी अंजोरा क्षेत्र में ढाबा बंद कराने को लेकर सनी उर्फ चेतन खन्ना और उसके साथियों ने पीड़ित के मोबाइल पर लगातार फोन कर धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी एकजुट होकर काली मंदिर के पास स्थित पीड़ित के किराए के मकान में कथित तौर पर जबरन घुस गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए घर के बाहर रखे सामान और लाइटिंग आदि में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया तथा जान से मारने की धमकी दी।

घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलगांव और चौकी अंजोरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मुखबिर और पीड़ित से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सनी उर्फ चेतन खन्ना (33), धर्मपाल खन्ना उर्फ गोल्डी (29) और चंद्रप्रकाश खन्ना उर्फ मनी (31), तीनों निवासी पुलगांव; गणेश साहू (22), निवासी अटारी नंदनवन, बगलामुखी मंदिर के पास, टाटीबंध, रायपुर तथा नीरें सुबह (26), निवासी चूहा पढ़ती गार्डन, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल, हाल मुकाम खन्ना ढाबा, जोड़ा शामिल हैं।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडे और आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 0808/2026 दर्ज कर धारा 191(2), 331(6), 296, 351(3) और 324(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।