सुपेला पानी टंकी के सामने सड़क पर फर्नीचर का कब्जा, निगम ने चलाया बुलडोजर
चालानी कार्रवाई के साथ अतिक्रमण हटाया, सड़क किनारे रखा सामान जब्त; दोबारा कब्जा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

भिलाईनगर। सुपेला पानी टंकी के सामने सड़क किनारे फर्नीचर और अन्य सामान रखकर किए गए अवैध कब्जे पर नगर पालिक निगम भिलाई ने कार्रवाई की। जोन क्रमांक-1 के राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क और सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस दौरान अनधिकृत रूप से रखा गया सामान जब्त करने के साथ संबंधित लोगों पर चालानी कार्रवाई भी की गई।
जोन कमिश्नर दिनेश कोसरिया के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने सड़क किनारे रखे फर्नीचर और अन्य सामान को हटवाया। लंबे समय से सड़क किनारे सामान रखकर व्यवसाय करने से आवागमन प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने मौके से सामान जब्त कर लिया और संबंधित लोगों को दोबारा सड़क या सार्वजनिक स्थान पर कब्जा नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
सड़क घेरकर कारोबार पर निगम की नजर
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ और शासकीय भूमि पर कब्जा कर कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सड़क किनारे दुकान का सामान फैलाकर रखने से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। ऐसे मामलों में चालानी कार्रवाई के साथ अतिक्रमण हटाने और सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें और सड़क व फुटपाथ को आवागमन के लिए खुला रखने में निगम का सहयोग करें।
कार्रवाई के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी शशांक शेखर सिंह के साथ नंद कुमार सिन्हा, विनोद शुक्ला, निरंजन असाटी, नीलेश ठाकुर, हेमंत यादव और युवराज साहू मौजूद रहे।
