सड़क पर अवरोध करने वाले 9 लोगों पर BNS 152 के तहत कार्रवाई

नो-पार्किंग में ई-चालान और कंडम वाहनों पर भी सख्ती

सड़क पर अवरोध करने वाले 9 लोगों पर BNS 152 के तहत कार्रवाई

दुर्ग। शहर की सड़कों और सर्विस रोड पर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस के साथ सुपेला और छावनी थाना पुलिस ने प्रमुख बाजार क्षेत्रों, नेशनल हाईवे और सर्विस रोड पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध पैदा करने के मामले में बीएनएस की धारा 152 के तहत 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सड़क और सर्विस रोड पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले वाहनों को हटाया गया। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई भी की गई। वहीं नगर निगम के सहयोग से दुकानों के सामने सड़क पर रखे सामान और अन्य अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए साफ कराया गया। पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध उत्पन्न करने के मामलों में बलविंदर सिंह निवासी राजनांदगांव गांव, शानके श्रीवास्तव निवासी कैलाश नगर, मोईदीन खान निवासी बालोद, शैलेश कुमार साव निवासी कैंप-1 भिलाई, इंदर लाल लहरे निवासी शास्त्री नगर और सन्नी कुमार साव निवासी रायपुर के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा ब्रिज के नीचे कंडम वाहन खड़ा कर सड़क पर अवरोध पैदा करने वाले तीन वाहन मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

लगातार जारी रहेगा अभियान

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नेशनल हाईवे, सर्विस रोड और प्रमुख मार्गों को यातायात बाधा से मुक्त रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सड़क पर अवैध रूप से रखे सामान और अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क या सर्विस रोड पर वाहन खड़ा न करें और दुकानों के सामने सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें। पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।