दुर्ग पुलिस का तड़के मेगा सर्च ऑपरेशन, 100 पुलिसकर्मियों ने खंगाले घर, 7 वारंटी गिरफ्तार



दुर्ग। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने सोमवार तड़के व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में थाना छावनी और मोहन नगर क्षेत्र में 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ घर-घर पहुंचकर सत्यापन, वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों की सघन पड़ताल की। अभियान के दौरान 7 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
सुबह शुरू हुए इस अभियान में पुलिस ने छावनी थाना क्षेत्र के प्रगति नगर बीएसपी क्वार्टर में प्रत्येक मकान का भौतिक सत्यापन किया। टीम ने घरों में रह रहे लोगों के आधार कार्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही किरायेदारों का सत्यापन किया गया और यह भी देखा गया कि कहीं मकानों में अवैध रूप से मादक पदार्थ, शराब या अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं का भंडारण तो नहीं किया जा रहा है। वाहनों की भी जांच की गई।
इसी तरह मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला बॉम्बे आवास, शंकर नगर और शांति नगर में भी पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घर-घर पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान 7 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, थाना छावनी एवं मोहन नगर के अधिकारी-कर्मचारी, यातायात पुलिस, एसीसीयू टीम तथा अन्य पुलिस बल ने समन्वित रूप से अभियान को सफल बनाया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और घरेलू कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, अवैध शराब, मादक पदार्थ या अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
