मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से 20 ग्राम सोने की चेन लूटने वाले मां-बेटे गिरफ्तार
ढाई लाख रुपये की चेन झपटकर बाइक से हुए थे फरार, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से भिलाई भट्ठी पुलिस ने दबोचा

भिलाई। भिलाई भट्ठी पुलिस ने मॉर्निंग वॉक के दौरान बुजुर्ग महिला से सोने की चेन झपटने वाले मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी रिश्ते में सगी मां और बेटा हैं। पुलिस उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 में मॉर्निंग वॉक कर रही 70 वर्षीय उमा देवी के पास एक बाइक पर सवार महिला और पुरुष पहुंचे। आरोपी महिला ने उमा देवी को बहाने से बातों में उलझाया और लकड़ी से फूल तोड़ने के लिए कहा। इसी दौरान उसने उनके गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है, झपट ली। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 304(2) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल जी. गौतम (20 वर्ष), पिता ईश्वर, निवासी कैंप-1 शांतिपारा तथा उसकी सगी मां जे. पार्वती (48 वर्ष), पति ईश्वर, निवासी कैंप-1 शांतिपारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग को हिरासत में लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूटी गई चेन व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी की कार्रवाई जारी है।

