रेल चौक पर सड़क सुरक्षा अभियान, हेलमेट-सीट बेल्ट पहनने वालों का चॉकलेट देकर किया सम्मान
दिशा संस्था और यातायात पुलिस की संयुक्त पहल, नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग का दिया संदेश


भिलाई, 26 जुलाई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को सेंट्रल एवेन्यू स्थित रेल चौक (सेक्टर-10 पेट्रोल पंप के पास) पर सामाजिक संस्था दिशा और यातायात पुलिस भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करने की अपील की गई।
दिशा संस्था की सदस्याओं सुधा और एलिस ने सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए, जबकि सार्वजनिक संबोधन प्रणाली (माइक) के माध्यम से लगातार जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए। राहगीरों और वाहन चालकों को संयमित गति से वाहन चलाने तथा अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने का आग्रह किया गया।
यातायात थाना प्रभारी पी.डी. चंद्रा, एएसआई वी. मोहन राव, एएसआई राजेश मणि सहित यातायात पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया।
अभियान में दिशा संस्था के राजेश धारकर, रामानुजन राजू, जी.एस. संधू, सुजीत चक्रवर्ती, भास्कर देवनाथ, शांतनु दासगुप्ता, एस.के. दशोरे, नरसिम्हा राव, प्रदीप दास, जवाहर, मोहन गिरी, रामजी सिन्हा, दुष्यंत तिवारी, एस.के. मराठे, सुधा, एलिस सहित अन्य सदस्य बैनर, पोस्टर, प्लेकार्ड और जागरूकता पंपलेट के साथ शामिल हुए।
अभियान की खास बात यह रही कि यातायात नियमों का पालन करते मिले वाहन चालकों का चॉकलेट भेंट कर सम्मान किया गया। इस सकारात्मक पहल ने लोगों को नियमों के पालन के लिए प्रोत्साहित किया और सड़क सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया।
