AI से फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी, ₹5 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार
पति की हत्या और जबरन तलाक की धमकी देकर बना रहा था दबाव, छावनी पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

भिलाई। दुर्ग जिले की छावनी पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर एक महिला के फोटो एडिट करने, उन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देने और ₹5 लाख की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला पर पति से जबरन तलाक लेने का दबाव भी बना रहा था।
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को पीड़िता साम्या खान ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई कि रविन्द्र भारती नामक व्यक्ति उससे ₹5 लाख की मांग कर रहा था। रकम नहीं देने पर आरोपी ने उसके पति की हत्या करने की धमकी दी और AI तकनीक से एडिट किए गए फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल करने की बात कहकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
शिकायत के आधार पर छावनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान आरोपी रविन्द्र भारती (30 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, ठेंगाभाट, थाना धमधा, जिला दुर्ग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने AI तकनीक के माध्यम से फोटो एडिट कर धमकी देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया और AI तकनीक का दुरुपयोग कर ब्लैकमेल, रंगदारी और साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
