देवभूमि लेआउट कार्यालय में हिसाब-किताब को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, संचालक सहित 5 गिरफ्तार, दो फरार
कार, बाइक और धारदार हथियार जब्त

दुर्ग। जमीन की खरीदी-बिक्री के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपियों को मोहन नगर पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार, मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे प्रार्थी विनय कुमार सिंह अपने जीजा नरेंद्र सिंह और साथी रूपेश यादव के साथ देवभूमि लेआउट स्थित कार्यालय में जमीन के लेन-देन और हिसाब-किताब के सिलसिले में पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने विवाद के दौरान गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोप है कि विजय मेनन और उसके साथियों ने धारदार हथियार तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर नरेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में नरेंद्र सिंह बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की शिकायत पर थाना मोहन नगर में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 07 CP 6008, एक मोटरसाइकिल और एक धारदार हथियार बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि जमीन के लेन-देन को लेकर चल रहे पुराने विवाद के कारण आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर प्रार्थी पक्ष को कार्यालय बुलाया और सामूहिक रूप से हमला किया। इस आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी
- विक्की सिंह (41), सुपेला, भिलाई
- रंजीत कुमार सिंह (43), हुडको, भिलाई
- रोशन लाल साहू (44), गौरा चौक, दुर्ग
- पप्पू कुमार सिंह (39), सेक्टर-7, भिलाई
- विजय मेनन (40), हाउसिंग बोर्ड, भिलाई
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
