पदभार संभालते ही एक्शन में नए ट्रैफिक एएसपी कौशलेंद्र देव पटेल, यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

दुर्ग। जिला दुर्ग में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेंद्र देव पटेल ने बुधवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और जाममुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री पटेल ने यातायात कार्यालय में सभी यातायात जोन प्रभारियों, टैंगो टीम और उनके हमराह अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में जिले की वर्तमान यातायात व्यवस्था, प्रमुख चुनौतियों और सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जोन प्रभारियों को दिए मैदान में रहने के निर्देश
नवपदस्थ एएसपी ने सभी जोन प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों तथा व्यस्त मार्गों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बनने दी जानी चाहिए।
पीक ऑवर में विशेष निगरानी
बैठक में सुबह और शाम के पीक ऑवर के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष निगरानी रखकर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें।

बाजार क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस
शाम के समय बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मैदानी स्तर पर सक्रिय निगरानी जरूरी है।
हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान पर जोर
एएसपी पटेल ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही जनजागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
अनुशासन और जवाबदेही पर सख्त संदेश
उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित होकर जिम्मेदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर समन्वय और टीमवर्क के माध्यम से यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
"सुरक्षित और सुगम यातायात हमारी प्राथमिकता"
पदभार ग्रहण करने के बाद कौशलेंद्र देव पटेल ने कहा कि दुर्ग जिले में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। यातायात पुलिस सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
