सड़क हादसे में चार मौतों का मामला, आरोपी ट्रैक्टर चालक न्यायिक हिरासत में, देखें हादसे की दर्दनाक मंजर
दो सगी बहनों और उनके दो मासूम बच्चों की गई थी जान, एक 8 वर्षीय बालक एम्स रायपुर में भर्ती







भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक भोला यादव (43) निवासी भिलाई-3 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि गुरुवार को ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) के पीछे स्कूटी टकरा जाने से दर्दनाक हादसा हुआ था। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार दो सगी बहनों और उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज रायपुर स्थित एम्स में जारी है।
पुलिस के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28) अपने परिवार के साथ स्कूटी से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे ट्रैक्टर के पीछे उनकी स्कूटी जा भिड़ी।

हादसे में अमृत निर्मलकर (28) पत्नी लोकेश, उनकी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26) पत्नी बबला, याचना (7) और डाली (4) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भावेश (8) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
मृतक अमृत और लक्ष्मी सगी बहनें थीं। दोनों का मायका जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर में है। अमृत का ससुराल सोमनी जबकि लक्ष्मी का ससुराल धौराभाठा में है। हादसे के बाद कुम्हारी पुलिस ने मामले की जांच करते हुए ट्रैक्टर चालक भोला यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
