महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस की पिंक पेट्रोलिंग शुरू, 14 विशेष टीमें रहेंगी 24 घंटे सतर्क

एसएसपी विजय अग्रवाल ने दिखाई हरी झंडी, स्कूल, कॉलेज, बाजार, पार्क और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी

महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस की पिंक पेट्रोलिंग शुरू, 14 विशेष टीमें रहेंगी 24 घंटे सतर्क

भिलाई। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिले में 'पिंक पेट्रोलिंग' की शुरुआत कर दी है। गुरुवार को सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अभियान के तहत जिले के 13 थाना क्षेत्रों और एक रक्षा टीम सहित कुल 14 विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में चार पुलिसकर्मी और एक पीएसआई (PSI) प्रभारी तैनात रहेगा। ये टीमें महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त करेंगी।

इन स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी

पिंक पेट्रोलिंग टीमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजार, मॉल, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार गश्त करेंगी। स्कूल और कॉलेजों में प्रवेश तथा छुट्टी के समय छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शिकायतों पर होगी त्वरित कार्रवाई

महिलाओं से जुड़ी शिकायतों या डायल-112 के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं पर टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेंगी। साथ ही असामाजिक तत्वों, मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

जागरूकता अभियान भी चलेगा

पिंक पेट्रोलिंग के माध्यम से महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।

इन अधिकारियों ने की शुरुआत

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन), उप पुलिस अधीक्षक (आईजीडब्ल्यू) भारती मरकाम, आकर्षि कश्यप सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पिंक पेट्रोलिंग अभियान के संचालन और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम और उप पुलिस अधीक्षक आकर्षि कश्यप को सौंपी गई है।

दुर्ग पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 या निकटतम पुलिस थाने में दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।