आधी रात तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, पुलिस ने डीजे वाहन किया जब्त

दुर्ग। देर रात तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण और सार्वजनिक शांति भंग करने के मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन और उपकरण जब्त कर लिए। पुलिस ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 10 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे रात्रिकालीन गश्त के दौरान सिविल लाइन क्षेत्र में एक आयशर वाहन (क्रमांक CG 07 CZ 5690) में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इससे आसपास के क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था और लोगों की शांति भंग हो रही थी।
मौके पर पहुंची पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने वाहन को रोककर कार्रवाई की। पुलिस ने डीजे उपकरण सहित आयशर वाहन जब्त कर लिया और संबंधित संचालक के खिलाफ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 10 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक, जब्त डीजे वाहन के मालिक की पहचान वसीम (38 वर्ष), निवासी जलेबी चौक, भिलाई के रूप में हुई है।
