प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री का भंडाफोड़, 150 अल्फाजोलम टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार
धमधा रोड सब्जी मंडी में कार्रवाई, आरोपी राहुल गाडा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

दुर्ग। जिले में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन विश्वास' अभियान के तहत मोहन नगर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 150 नग अल्फाजोलम टैबलेट और बिक्री से प्राप्त 920 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रीन चौक निवासी राहुल गाडा धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 स्ट्रिप में कुल 150 नग अल्फाजोलम टैबलेट बरामद हुई, जिनकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 920 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी राहुल गाडा (20 वर्ष), निवासी ग्रीन चौक, दुर्ग के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8, 22 और 27(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
