शराब भट्टी बनी अपराध का अड्डा, गैर-आवासीय क्षेत्र में शराब दुकान शिफ्ट करने की मांग

कलेक्टर जनदर्शन में सौंपा आवेदन, अपराध बढ़ने, महिलाओं और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरे का आरोप

शराब भट्टी बनी अपराध का अड्डा, गैर-आवासीय क्षेत्र में शराब दुकान शिफ्ट करने की मांग

भिलाई। आम आदमी पार्टी के दुर्ग जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने भिलाई के नंदिनी रोड स्थित सरकारी शराब दुकान को लेकर जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन सौंपते हुए मांग की है कि शराब दुकान को तत्काल किसी गैर-आवासीय क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए और इसके संचालन की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

प्रेस को जारी बयान में जसप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि नंदिनी रोड की सरकारी शराब दुकान के आसपास अपराध और अराजकता का माहौल बन गया है। उनका कहना है कि राहगीरों से लूटपाट, मोबाइल छीनने और विरोध करने पर चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र से जुड़ी शिकायतें पुलिस तक पहुंचती रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

पार्टी का कहना है कि शराब दुकान के आसपास बैंक, सब्जी बाजार और पावर हाउस मार्केट होने के कारण पूरे दिन लोगों की आवाजाही रहती है। वहीं सड़क संकरी होने से शाम के समय जाम की स्थिति बनती है। AAP का आरोप है कि इस दौरान स्कूली बच्चों और महिलाओं को भी असुविधा तथा असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से सवाल किया है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक शराब दुकान को हटाने या स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया। पार्टी ने मांग की है कि शराब दुकान की स्थापना और संचालन की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

जसप्रीत सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शराब दुकान को गैर-आवासीय क्षेत्र में स्थानांतरित नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी स्थानीय नागरिकों और महिलाओं के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगी। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।