भिलाई-चरोदा निगम के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर किया जंगी प्रदर्शन

कांग्रेस शासित निगम पर भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

भिलाई-चरोदा निगम के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर किया जंगी प्रदर्शन

भिलाई-चरोदा। नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा की कार्यप्रणाली के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को जंगी धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा भिलाई-3 और चरोदा मंडल के साथ निगम के भाजपा पार्षदों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस शासित नगर निगम पर भ्रष्टाचार, जनविरोधी नीतियों और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए गए।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती ने कहा कि नगर निगम में विकास कार्य ठप हैं और आम नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने आरोप लगाया कि निगम में पारदर्शिता और जवाबदेही समाप्त हो चुकी है। उन्होंने पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, खराब सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की समस्या और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर निगम प्रशासन को घेरा। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेम लाल साहू ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर केवल घोषणाएं की गईं, जबकि जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था बनी हुई है। वहीं, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर और विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने भी कांग्रेस सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर, पूर्व जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और भाजपा पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर नगर निगम में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा पेयजल, सड़क, सफाई और प्रकाश व्यवस्था जैसी जनसमस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की।

इस अवसर पर मंच पर वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभुनाथ मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष महेश वर्मा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य बृजेश बिचपुरिया, रवि शंकर सिंह, शिरीष अग्रवाल, निहारिका मिश्रा, पूर्व नपाध्यक्ष द्वय शशिकांत बघेल एवं सीता साहू , मंडल प्रभारी द्वय विजेंद्र सिंह एवं मनोज तिवारी, सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि दिलीप पटेल, मंडल अध्यक्ष द्वय वरुण यादव एवं ए गौरी शंकर, पार्षदगण नंदिनी जांगड़े, कुसुम चंद्राकर, राकेश बंछोर सहित जिला पदाधिकारी चन्ना केशवलु, विनोद सिंह, दया सिंह, शैलेन्द्र सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ जायसवाल, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक, भाजपा नेता तरुण परघनिया एवं बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जन प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।