दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5.189 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ₹2.80 लाख का माल जब्त

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.189 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नंदिनी नगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 5.189 किलो गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल ₹2.80 लाख की सामग्री जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, 30 जून को ग्राम मुरमुंदा आम रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MG 0156 से दो व्यक्ति गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सन्नी साहू उर्फ माया साहू (27) और त्रिलोचन साहू उर्फ जय प्रकाश (30), दोनों निवासी ग्राम सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से 5.189 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹2.50 लाख बताई गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
