डेढ़ लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

पुलगांव पुलिस की कार्रवाई, 3 किलो गांजा और नकदी बरामद

डेढ़ लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग। पुलगांव पुलिस ने गांजा तस्करी और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब तीन किलोग्राम गांजा, बिक्री की नकदी और अन्य सामग्री सहित कुल 1.50 लाख रुपये से अधिक की जप्ती की है।

पुलिस के अनुसार 27 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोटिया रोड स्थित उटोपिया के सामने एक युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी ओमकार यादव (21) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी मोहन कुम्भार (24) के साथ मिलकर गांजा मंगाकर उसकी अवैध बिक्री करता है। दोनों अटल आवास बोरसी स्थित एक खराब कार में गांजे की पुड़िया तैयार कर बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी मोहन कुम्भार को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा बरामद किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 2.992 किलोग्राम गांजा और 700 रुपये नकद जब्त किए हैं। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार 200 रुपये आंकी गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 602/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा तस्करी और बिक्री का कारोबार कर रहे थे।