लाखों लोगों की उम्मीद बने सोनू सूद, बोले- आम इंसान से मिलता है सबसे बड़ा हौसला

भिलाई में सूद चैरिटी फाउंडेशन की एनुअल मीट में पहुंचे अभिनेता, बोले- देशभर में स्वयंसेवकों का नेटवर्क बनाकर जरूरतमंदों तक पहुंचा रहे हैं मदद

लाखों लोगों की उम्मीद बने सोनू सूद, बोले- आम इंसान से मिलता है सबसे बड़ा हौसला

भिलाई। अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद शनिवार को सूद चैरिटी फाउंडेशन भिलाई द्वारा आयोजित एनुअल मीट में शामिल होने भिलाई पहुंचे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए समाजसेवा, युवाओं की भूमिका, राजनीति, परिवारवाद और अपने प्रेरणास्रोत को लेकर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आम इंसान से बड़ा कोई हीरो नहीं होता और वही उन्हें सबसे अधिक प्रेरित करता है।

सोनू सूद ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग मदद के लिए उनके निवास तक पहुंचते हैं, लेकिन कई ऐसे जरूरतमंद भी होते हैं जो उनके पास नहीं पहुंच पाते। इसी सोच के साथ सूद चैरिटी फाउंडेशन का विस्तार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि देशभर में सूद चैरिटी फाउंडेशन और क्लब के माध्यम से स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जो स्थानीय स्तर पर जरूरतमंद लोगों की मदद कर सके।

उन्होंने बताया कि क्लब स्वास्थ्य सहायता, शिक्षा, रोजगार मार्गदर्शन, आपदा राहत, भोजन वितरण, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। प्रत्येक शहर में स्थानीय स्वयंसेवकों की टीम बनाकर लोगों तक तेजी से सहायता पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जा रही है। उनका मानना है कि समाज में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो दूसरों की मदद करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें सही मंच और दिशा नहीं मिल पाती। सूद फाउंडेशन ऐसे लोगों को जोड़कर समाजसेवा का अवसर प्रदान कर रहा है।

युवाओं में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए सोनू सूद ने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 163 संस्थाओं के साथ मिलकर नशामुक्ति के लिए कार्य किया जा रहा है और युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के प्रयास लगातार जारी हैं।

राजनीति में आने की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि फिलहाल उनका उद्देश्य अभिनेता और समाजसेवक के रूप में ही कार्य करना है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के माध्यम से लोगों की मदद करना उन्हें संतोष देता है और वे इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं।

फिल्म इंडस्ट्री में परिवारवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की कपड़े की दुकान है तो उसका बेटा उसी व्यवसाय को आगे बढ़ाता है, यदि कोई अस्पताल चलाता है तो उसका बेटा डॉक्टर बन सकता है। उसी तरह फिल्मी परिवारों के बच्चे भी फिल्मों में करियर बनाने की इच्छा रखते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि केवल परिवार का नाम काफी नहीं होता, सफलता के लिए प्रतिभा और मेहनत जरूरी है।

जब उनसे पूछा गया कि वे किससे सबसे अधिक प्रभावित हैं, तो उन्होंने कहा कि आम आदमी ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जिंदगी में संघर्ष करने वाला सामान्य व्यक्ति हमें जीवन के महत्वपूर्ण सबक सिखाता है। जरूरत और कठिन परिस्थितियां इंसान को मजबूत बनाती हैं और जीवन का वास्तविक अर्थ समझाती हैं।

कार्यक्रम में सूद चैरिटी फाउंडेशन की भिलाई चैप्टर हेड दीक्षा नागदेवे ने बताया कि वह पिछले साढ़े तीन वर्षों से सोनू सूद के साथ जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भिलाई चैप्टर पिछले दो वर्षों से लगातार सक्रिय है और विभिन्न सामाजिक अभियानों के माध्यम से लोगों तक सहायता पहुंचा रहा है। वर्तमान में रायपुर, बिलासपुर, हैदराबाद, कोलकाता, दिल्ली सहित देश के कई शहरों में सूद फाउंडेशन के बैनर तले क्लबों का गठन किया जा रहा है। भिलाई में भी बीते दो वर्षों के दौरान कई सामाजिक अभियान चलाए गए हैं, जिनके माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का कार्य किया गया है।

इस दौरान दीक्षा नागदेवे (क्लब हेड), जिलेश चावड़ा, गिरीश खापर्दे, रविन्द्र देवांगन, तुषार चौहान, चेतन चौहान, दीपक भारता, संजय कुकरेजा, सनोज चौधरी, विनीत अग्रवाल, गोपी तांडी, विकास जायसवाल सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित थे।